सूरत।ब्राह्मण समाज समेत प्रत्येक पीड़ित, शोषित, उपेक्षित और वंचित की आवाज बुलंद करने के लिए स्थापित संगठन विप्रसेना ने चार वर्षों में ही अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करवाई है। जहां भी अन्याय दिखाई देता है, वहां विप्रसेना के कार्यकर्ता मुखर होकर पीड़ितों के साथ खड़े नजर आते हैं। इसी कड़ी में संगठन ने गुजरात प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में सूरत के प्रतिष्ठित सामाजिक अग्रणी ललित शर्मा को नियुक्त किया है।
कपड़ा बाजार से जुड़े ललित शर्मा हिंदी भाषी समाज में एक लोकप्रिय चेहरा हैं और सदैव कमजोर वर्ग के समर्थन में खड़े रहते हैं। उनके चयन से ब्राह्मण समाज के युवाओं में हर्ष की लहर दौड़ गई है। समाजसेवा के प्रति उनकी सक्रियता और विभिन्न संगठनों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका ने उन्हें सूरत में विशिष्ट पहचान दिलाई है। शर्मा टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड (टीवायबी) के अध्यक्ष भी हैं, जो व्यापारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है।
जीएसटी लागू होने के समय टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड ने व्यापारियों के पक्ष में आवाज उठाई थी, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को कई बदलाव करने पड़े और कानून को सरल बनाया गया। जब कपड़ों पर जीएसटी दरें बढ़ाई जा रही थीं, तब भी टीवायबी ने पुरजोर विरोध किया, जिसके चलते नवसारी सांसद और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने व्यापारियों की मांग को वित्तमंत्री तक पहुंचाया और दरें यथावत रखी गईं।
कोरोना काल में टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड ने एक वर्ष से अधिक समय तक राशन, मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया। श्रमिकों को उनके गृह राज्य भेजने के लिए रेलवे मंत्रालय के सहयोग से यूपी और बिहार के लिए विशेष ट्रेनें चलाई गईं। जरूरतमंद बच्चों की फीस भी भामाशाहों के सहयोग से ट्रस्ट द्वारा भरी जाती है।
टीवायबी के अलावा ललित शर्मा जापान मार्केट को-ऑपरेटिव सर्विस सोसाइटी लिमिटेड के अध्यक्ष हैं और सूरत की प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था सेवा फाउंडेशन के महामंत्री भी रहे हैं। साथ ही, वे सूरत ब्राह्मण समाज ट्रस्ट के पिछले तीन वर्षों से ट्रस्टी पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा भी वे कई सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ललित शर्मा की नियुक्ति पर विप्रसेना सूरत जिला युवाध्यक्ष जय शर्मा ने कहा कि वे सदैव युवाओं के लिए मार्गदर्शक रहे हैं और हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस वर्ष दिसंबर में विप्रसेना द्वारा ब्राह्मण महापंचायत का ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए युवाओं और वरिष्ठजनों ने कमर कस ली है और जल्द ही कार्यकारिणी का विस्तार भी किया जाएगा। ब्राह्मण महापंचायत के माध्यम से सूरत की धरती पर एक नया इतिहास लिखा जाएगा, जिसका आगाज हो चुका है।