इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध योग साधिका और "रबर गर्ल ऑफ इंडिया" के नाम से पहचानी जाने वाली कुमारी अन्वी विजय झांझरूकिया थीं। उन्होंने अपने जीवन की प्रेरणादायक यात्रा साझा की और बताया कि कैसे कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने योग में निपुणता हासिल की। अन्वी अब तक छह विश्व रिकॉर्ड बना चुकी हैं, जिनमें पाँच मिनट में 101 योगासन करने का अद्भुत कीर्तिमान भी शामिल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके असाधारण योगदान को सराहा और उन्हें अपने निवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। अन्वी "करो योग, रहो निरोग" अभियान का नेतृत्व कर रही हैं और अब तक 6.3 लाख से अधिक लोगों के समक्ष योग प्रदर्शन कर चुकी हैं।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता और युवा नेता श्री अमित शर्मा खंडेला उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा और शिक्षा के महत्व को समझाया तथा भारतीय संस्कृति और मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया।
विद्यालय का "ई-न्यूज़लेटर" विद्यार्थियों की साहित्यिक, शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रमीय उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का एक सशक्त माध्यम है। इसका उद्घाटन कुमारी अन्वी द्वारा किया गया, जिसके बाद उन्होंने मंच पर योग प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रधानाचार्य श्री वैभव अग्रवाल ने इस अवसर पर विद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित किया और छात्रों को नवाचार तथा रचनात्मकता को अपनाने के लिए प्रेरित किया।